20 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र, पेश हो सकते हैं कई अहम बिल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 जुलाई 2023): संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा, जो 11 अगस्त तक चलेगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शनिवार को ट्वीट कर संसद के मानसून सत्र की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने सभी पार्टियों से अपील किया है कि सत्र के दौरान संसद के विधायी और अन्य काम-काज में रचनात्मक योगदान दें।

संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने ट्वीट कर कहा है, “संसद का मानसून सत्र, 2023 आगामी 20 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा। 23 दिन तक चलने वाले इस सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। मैं सभी पार्टियों से सत्र के दौरान संसद के विधायी और अन्य काम-काज में रचनात्मक योगदान देने की अपील करता हूं।”

बता दें कि मानसून सत्र में कई अहम बिल पेश हो सकते हैं, इनमें समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) भी शामिल हो सकता है। इस पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं। वहीं इस बार भी मानसून सत्र में जमकर हंगामा होने की संभावना है क्योंकि आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ लाए अध्यादेश का जमकर विरोधी करने वाली है।