ट्रांसजेंडर की चाकू मारकर हत्या, जापानी पार्क में मिला शव

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (30 जून 2023): दिल्ली के रोहिणी में चाकू से घायल 25 वर्षीय ट्रांसजेंडर का शव मिला है। जापानी पार्क में ट्रांसजेंडर का शव गुरुवार सुबह मिला है। 25 वर्षीय ट्रांसजेंडर के सीने में चाकू से वार किए गए थे और उसके शव को कहीं और फेंक दिया गया। प्रशांत विहार पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

इस मामले में जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने कहा कि “दिल्ली के रोहिणी जिले में जापानी पार्क के पास गुरुवार सुबह करीब 4:00 बजे ट्रांसजेंडर समुदाय के एक 25 वर्षीय सदस्य का शव मिला। व्यक्ति के सीने में चाकू मारा गया और शव को कहीं और फेंक दिया गया। कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और ऐसा लगता है कि हत्यारे मृतक के परिचित हैं। प्रशांत विहार पुलिस मामले की जांच कर रही है‌।”

ट्रांसजेंडर की हत्या पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि “दिल्ली पुलिस दिल्ली के लोगों को सौंपी जाये। LG साहिब और अमित शाह जी के बस की बात नहीं। और कब तक दिल्ली के लोग बर्दाश्त करते रहेंगे?”