केंद्रीय कैबिनेट की हुई बैठक, गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने का किया ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 जून 2023): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज यानी बुधवार को कैबिनेट की बैठक हुई। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी गई है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “कैबिनेट ने चीनी सीजन 2023-24 के लिए गन्ना किसानों के लिए 315 रुपये प्रति क्विंटल के अब तक के उच्चतम उचित और लाभकारी मूल्य को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से 5 करोड़ गन्ना किसानों और उनके आश्रितों के साथ-साथ चीनी मिलों और संबंधित सहायक गतिविधियों में कार्यरत 5 लाख श्रमिकों को लाभ होगा।”

साथ ही उन्होंने बताया कि “नेशनल रिसर्च फाउंडेशन की स्थापना के लिए नेशनल रिसर्च फाउंडेशन बिल 2023 को संसद में लाया जाएगा और साइंस एंड इंजीनियरिंग रिसर्च बोर्ड एक्ट 2008 को रद्द किया जाएगा।”

तो वहीं केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि “भारत नैनो यूरिया का उत्पादन करने वाला दुनिया का पहला देश है। अब नैनो यूरिया की मांग दुनिया भर में है।”