विपक्षी दलों की बैठक से पहले बोले राहुल गांधी – देश में दो विचारधाराओं की चल रही है लड़ाई

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 जून 2023): बिहार की राजधानी पटना में आज यानी शुक्रवार को विपक्षी दलों की बैठक हो रही है। विपक्षी दलों की बैठक से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सदाकत आश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है एक हमारी भारत जोड़ो की और एक तरफ भाजपा की भारत तोड़ो विचारधारा की। भाजपा हिंदुस्तान को तोड़ने, नफरत और हिंसा फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस जोड़ने का काम कर रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि “पूरा देश समझ गया है कि नरेंद्र मोदी और भाजपा का मतलब सिर्फ 2-3 लोगों को फायदा पहुंचाना है वहीं कांग्रेस का मतलब देश के गरीबों के साथ खड़े होना और उनके लिए काम करना है‌।”

तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि “इस कांग्रेस ऑफिस से जो भी नेता निकला वे देश के आजादी के लिए लड़ा। हमें गर्व है कि देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद जी इसी धरती से थे। अगर हम बिहार जीत गए तो सारे भारत में हम जीत जाएंगे।”