दिल्ली में AAP और Congress को लगा बड़ा झटका, कई नेताओं ने थामा BJP का दामन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (22/06/2023): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी एवं विधायक अजय महावर की उपस्थिति में आज कांग्रेस के पूर्व प्रदेश मंत्री एवं बसपा प्रत्याशी के रूप में निगम चुनाव लड़ने वाले विनोद जयस, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र नेता डॉक्टर रजनीश और तीमारपुर विधानसभा से आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष रजनीश सोढ़ी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

वीरेन्द्र सचदेवा ने पार्टी में शामिल होने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि दिल्ली में हमारा संपर्क से समर्थन अभियान उन सभी जुझारू कार्यकर्ताओं के लिए एक माध्यम बना जो आम आदमी पार्टी की अराजक सरकार और गन्दी राजनीति से परेशान हो चुके थे और भाजपा में शामिल होने की राह देख रहे थे। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आज हमारे साथ दिल्ली के कई सामाजिक, राजनीति कार्यकर्ता भाजपा में जुड़ रहे हैं। जिन्हें प्रदेश के लिए और जनता के लिए सेवा भाव से कुछ करना है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा पूरी तरह तैयार है कि सत्ता में बैठे झूठे और अराजक केजरीवाल सरकार को उखाड़ फेंकना है।

मनोज तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी हो या फिर कांग्रेस सबसे दिल्ली के प्रबुद्ध लोगों का मोह भंग हो चुका है, और आज भाजपा ज्वाइन करने के लिए एक बड़ी संख्या तैयार है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 9 सालों के कार्यों को लेकर जब हम लोगों के पास जाते हैं तो दिल्लीवासी खुद ही कार्यों का वर्णन करने लगते हैं। आम आम आदमी पार्टी ने विनोद जयस जी को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया लेकिन उन्होंने नकार दिया। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि इन सभी गणमान्यों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

भाजपा की सदस्यता लेने के बाद विनोद जयस ने कहा की आज दिल्ली के लोग खासकर ग्रामीण पृष्ठभूमि के लोग विकास विहिन केजरीवाल सरकार से त्रस्त आ चुके हैं और 2025 में आम आदमी पार्टी को सत्ता से बेदखल कर देंगे।।