दिल्ली रेप कैपिटल तो थी ही लेकिन अब मर्डर कैपिटल भी हो गई : स्वाति मालीवाल, DCW

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 जून 2023): दिल्ली के मंडावली इलाके में 72 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आज गुरूवार को ट्विटर कर अपना वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार से तीखा सवाल पूछा है। उन्होंने ट्वीट में कहा है, “दिल्ली में अब एक 72 साल की महिला की बेरहमी से हत्या। क्या दिल्ली अब मर्डर कैपिटल भी बन गई है?”

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने वीडियो में घटना के बारे में बताते हुए कहा कि “दिल्ली में एक 72 साल की महिला का कुछ लोग पीछा करते हैं। उसके बाद उसको नुकीली वस्तु से 50 बार गोद-गोदकर दिन दहाड़े मार डालते हैं। वहां और भी लोग खड़े थे लेकिन कोई मदद के लिए सामने नहीं आता। 20 मिनट तक महिला तड़पती रहती है और खून बहता रहता है। तब जाकर दो लोग आते है सामने मदद करते हैं और उसको अस्पताल लेकर जाते हैं लेकिन महिला दम तोड़ देती है‌। दिल्ली में यह चल क्या रहा है। दिल्ली रेप कैपिटल तो थी ही लेकिन अब मर्डर कैपिटल भी हो गई है।”

स्वाति मालीवाल ने कहा कि “महिला के परिवार वाले बताते हैं कि उन्होंने कई बार पुलिस को कंप्लेंट की कि महिला की जान को खतरा है, मदद करें। लेकिन पुलिस बिल्कुल मदद नहीं करती। वहां पर मौजूद लोगों से जब मीडिया वालों ने बात की तो वो लोग बता रहे थे कि वो पुलिस के सामने जाने से डर रहे थे कि अगर मदद की तो पुलिस उन्हें ही केस में ना फंसा दे।”

उन्होंने कहा कि “यह स्पष्ट है कि दिल्ली में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पूरी तरह से चरमरा चुकी है और पुलिस के ऊपर किसी को विश्वास नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए कहा कि दिल्ली में जब रोज इतने मामले आ रहे हैं तो केंद्र सरकार कर क्या रही है। महिला सुरक्षा पर केंद्र सरकार अपनी चुप्पी कब तोड़ेगी। दिल्ली पुलिस सीधे-सीधे केंद्र सरकार को रिपोर्ट करती है, क्या एक्शन ले रही है केंद्र सरकार कि दिल्ली पुलिस की व्यवस्था सुदृढ़ की जाएं।”

उन्होंने आगे कहा कि “क्यों नहीं दिल्ली पुलिस के संसाधन बढ़ाए जाते? क्यों नहीं दिल्ली पुलिस की जवाबदेही तय की जाती? कब तक लोग मरते रहेंगे? और कब तक केंद्र सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी रहेगी।”