राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में किया योग, लोगों से की ये अपील

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 जून 2023): भारत के साथ-साथ दुनियाभर में आज बुधवार को 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में योग किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि योग को अपने जीवन में अपनाएं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि “योग हमारी सभ्यता की महान उपलब्धियों में से एक है और दुनिया के बाकी हिस्सों के लिए भारत का महान उपहार है। योग शरीर और मन को एक साथ लाता है और यह जीवन के लिए एक समग्र दृष्टिकोण है। योग हम सभी को बेहतर स्थिति में रहने में मदद करता है।”

उन्होंने देशवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि “इस दिन, मैं सभी से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने और इसकी परिवर्तनकारी शक्ति का अनुभव करने का आग्रह करती हूं।”

बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने 2014 के संबोधन के दौरान की थी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पहली बार 21 जून 2015 को मनाया गया। इसके बाद हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।।