9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश के दिग्गज राजनेताओं एवं हस्तियों ने क्या कहा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21 जून 2023): भारत के साथ-साथ दुनियाभर में आज बुधवार को 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसे लेकर देशभर में जगह जगह पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मीनाक्षी लेखी, समेत अन्य नेता ने योग किया।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली में योग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया में योग के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। दुनिया में कहीं भी योग होता है तो योग करने वाले लोगों के मन में हिंदुस्तान का नाम आता है क्योंकि यह हमारी विरासत है‌।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर INS विक्रांत पर योग दिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “आज सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। एक राष्ट्र, एक संस्कृति के रूप में यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि विश्व अब हमारी संस्कृति को स्वीकार कर रहा है और इसे अपना रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उत्तर प्रदेश के नोएडा इंडोर स्टेडियम में योग किया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “हमारी आर्थिक संभावनाओं के पुनरुत्थान को देखना सभी भारतीयों के लिए न सिर्फ गर्व की बात है, बल्कि भारत का अब सांस्कृतिक रूप से दुनिया भर में प्रभाव भी है। दुनिया न सिर्फ निवेश के अवसरों के लिए बल्कि एक विशाल वैश्विक व्यवस्था के दृष्टिकोण से भी भारत की ओर देखती है।”

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “जब हम वसुधैव कुटुम्बकम कहते हैं तो यह सिर्फ कहने के लिए नहीं है बल्कि हम इसे मानते भी हैं। यह कुछ ऐसा है जिस पर आप कार्य करते हैं और हमने किया है, जो भी योग करता है वह अंतर महसूस कर सकता है।”

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बालासोर में योग दिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ने योग के साथ हमारे सांस्कृतिक धरोहर वसुधैव कुटुम्बकम को जोड़ा है यानि पूरा विश्व एक परिवार है।”

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में योग किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “हम पूरे विश्व को एक परिवार के रूप में लेकर चल रहे हैं। कुछ लोग अपने आप को देश से अलग समझते हैं लेकिन यह उनकी मानसिकता है। अमेरिका के राष्ट्रपति मोदी जी के लिए रात्रिभोज कर रहे हैं और दूसरी बार मोदी जी दोनों हाउस को संबोधित करेंगे, यह एक ऐतिहासिक पल है।”

बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने 2014 के संबोधन के दौरान की थी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पहली बार 21 जून 2015 को मनाया गया। इसके बाद हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।