आरके पुरम में दो बहनों की हत्या मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 5 लोगों की हुई गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (19 जून 2023): दिल्ली के आरके पुरम में दो बहनों की हत्या के मामले में पुलिस ने आज दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले कल यानी रविवार को पुलिस ने घटना के कुछ घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में अब तक कुल 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पांचों आरोपियों की पहचान अर्जुन, माइकल, देव, किशन और गणेश स्वामी के रूप में की गई है।

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि “दिल्ली में 2 महिलाओं की गोली मारकर हत्या मामले में 2 और आरोपी 27 वर्षीय किशन और 39 वर्षीय गणेश स्वामी पकड़े गए। मामले के संबंध में अब तक कुल 5 गिरफ्तार हुए हैं।”

बता दें कि दो बहनों की कल यानी रविवार को आर.के. पुरम इलाके में पैसों के लेन-देन के विवाद में कुछ हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय पिंकी और 29 वर्षीय ज्योति के रूप में की गई है।