दिल्ली की क़ानून व्यवस्था LG की बजाय ‘आप’ सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सुरक्षित होती: अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (18 जून 2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली की क़ानून व्यवस्था उपराज्यपाल की बजाय ‘आप’ सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ये टिप्पणी दिल्ली के आर.के.पुरम थाना क्षेत्र के अंबेडकर बस्ती इलाके में रविवार सुबह अज्ञात हमलावरों द्वारा दो महिलाओं की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद की गई है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, “दोनों महिलाओं के परिवारों के साथ हमारी संवेदनायें। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।” साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है, “दिल्ली के लोग अपने आप को बहुत असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। जिन लोगों को दिल्ली की क़ानून व्यवस्था सँभालनी है, वो क़ानून व्यवस्था ठीक करने के बजाय पूरी दिल्ली सरकार पर क़ब्ज़ा करने के षड्यंत्र कर रहे हैं। आज अगर दिल्ली की क़ानून व्यवस्था LG की बजाय “आप” सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती।”

आपको बता दें कि दिल्ली के आर.के. पुरम थाना क्षेत्र के अंबेडकर बस्ती इलाके में अज्ञात हमलावरों ने रविवार सुबह दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी। ज़ख्मी हालत में दोनों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान अर्जुन, माइकल और देव के रूप में हुई है। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय पिंकी और 29 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है।