खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने हेरिटेज म्यूजियम जीर्णोद्धार कार्य का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16/06/2023): दिल्ली सरकार के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने कुतुब रोड स्थित हेरिटेज म्यूजियम जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए हैं। दिल्ली सरकार के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने गुरुवार को कुतुब रोड स्थित हेरिटेज म्यूजियम स्थल पर निगम पार्षद मो.सादिक के साथ निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री इमरान हुसैन ने कहा कि “हेरिटेज म्यूजियम दिल्ली के लोगों को उनकी समृद्ध विरासत को समझने में मदद करेगा। यह म्यूजियम चित्रों और ध्वनियों का एक समृद्ध संग्रह होगा, जिससे पुरानी दिल्ली के ट्रेड और कम्युनिटी की पुरानी स्मृतियों को जीवित रखेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि “केजरीवाल सरकार राजधानी में विभिन्न ऐतिहासिक इमारतों को संरक्षित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है‌। ऐतिहासिक इमारतों में खूबसूरत प्रतीकों में से एक कुतुब रोड स्थित शहर का हेरिटेज म्यूजियम है, जो अब सांस्कृतिक विरासत म्यूजियम में परिवर्तित होने जा रहा है। यह पुरानी दिल्ली के 350 वर्षों के इतिहास की यादों को चित्रित करने का प्रयास करेगा।”