दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने NCCSA की बुलाई पहली बैठक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/06/2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 20 जून को नेशनल कैपिटल सिविल सर्विस अथॉरिटी (NCCSA) की पहली मीटिंग बुलाई है। यह मीटिंग दोपहर 12 बजे होगी। ये जानकारी सरकार के सूत्रों के हवाले से सामने आई है। सूत्रों का दावा है कि NCCSA की बैठक में एक अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर चर्चा होगी।

केंद्र सरकार द्वारा जारी अध्यादेश के जरिए 19 मई को नेशनल कैपिटल सिविल सर्विस अथॉरिटी (NCCSA) बनाई गई थी। इसके तहत एक बार फिर सर्विसेज से संबंधित मामलों का कंट्रोल केंद्र सरकार के हाथ में है। इससे पहले 11 मई को सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में दिल्ली सरकार को सेवाओं से जुड़े मामले में पूरा कंट्रोल दिया था, जिसमें अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग पर नियंत्रण भी शामिल है।

आपको बता दें केंद्र सरकार ने अध्यादेश लाकर जो नेशनल कैपिटल सिविल सर्विस अथॉरिटी बनाई है, उसके अध्यक्ष दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं। इसके अलावा इसके सदस्यों में दिल्ली के मुख्य सचिव और प्रिंसिपल सचिव (गृह) शामिल हैं। सेवा विभाग से संबंधित सभी फैसले बहुमत से लिए जाएंगे। ट्रांसफर और पोस्टिंग मसले पर विवाद होने की स्थिति में मामले को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के पास भेजने का अध्यादेश में प्रावधान है। ऐसे मुद्दों पर अंतिम फैसला लेने का अधिकार उपराज्यपाल को दिया गया है।।