मुखर्जीनगर में आग लगने की घटना पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष बोले-पूरी तरह फेल है केजरीवाल सरकार का अग्निशमन विभाग

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जून 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुखर्जीनगर स्थित सिविल सेवा की तैयारी कराने वाले एक निजी संस्थान में गुरुवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्रों ने रस्सी के सहारे कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। तो वहीं दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने कोचिंग इंस्टिट्यूट की NOC को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सवाल किया है।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि “केजरीवाल के कारण दिल्ली की जनता की जान पर बन आई है। कभी डीटीसी बसों का जलना तो कभी इस प्रकार की खबरें। केजरीवाल सरकार का अग्नि शमन विभाग पूरी तरह से फेल है और जनता की जान के साथ खिलवाड़ कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि “केजरीवाल बताएं क्या ये जितने भी कोचिंग इंस्टिट्यूट हैं ये NOC लेते हैं या नहीं? क्या केजरीवाल इसमें भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं? अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की जनता की जान से खिलवाड़ करने का कोई हक नहीं है।”

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा था, “आग की ये घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कुछ छात्र बचने के प्रयास में मामूली रूप से घायल हुए हैं, बाक़ी सभी छात्र सुरक्षित हैं। घबराने की बात नहीं है, दमकल विभाग द्वारा आग पर क़ाबू पा लिया गया है। ज़िला प्रशासन भी मौक़े पर मौजूद है।”

मिली जानकारी के मुताबिक, आग आज दोपहर करीब 12:30 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की 11 गाडियां मौके पर पहुंचीं। इस घटना में 4 छात्र की घायल होने की खबर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।