दिल्ली में 72 घंटे पानी की सप्लाई रहेगी बाधित, 30 लाख लोगों पर होगा असर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/06/2023): हरियाणा से दिल्ली तक कच्चा पानी ले जाने वाली मुनक नहर हरियाणा के सोनीपत के पास खुबरू और ककरोई रेगुलेटर के बीच टूट गई। जिसके वजह से दिल्ली में पानी की सप्लाई अगले 72 घंटों तक बाधित हो सकती है। दिल्ली जल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।

सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर कहा हैं, “हरियाणा से दिल्ली तक कच्चा पानी ले जाने वाली प्रमुख नहर हरियाणा के सोनीपत के पास खुबरू और ककरोई रेगुलेटर के बीच टूट गई। करियर लिंक चैनल (सीएलसी) और डीएसबी नहरें बवाना, द्वारका, नांगलोई, हैदरपुर, वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला में 07 नग जल उपचार संयंत्रों को कच्चे पानी की आपूर्ति करती हैं।”

उन्होंने कहा कि “सीएलसी की बहाली के लिए युद्धस्तर पर हरियाणा सरकार से बात की जा रही है। वर्तमान में हरियाणा से दिल्ली को कच्चे पानी की आपूर्ति में लगभग 20 प्रतिशत की कमी है। इससे दिल्ली में लगभग 30 लाख आबादी को पानी की कमी की समस्या हो सकती है।”

उन्होंने आगे कहा कि “हालांकि दिल्ली जल बोर्ड जल युक्तिकरण करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अत्यधिक गर्मी होने के कारण, इससे दिल्ली में एक बड़ी आबादी को असुविधा होगी।हरियाणा सिंचाई विभाग के अनुसार नहर की मरम्मत में 48 से 72 घंटे का समय लगेगा।”

बता दें कि सोनीपत के बड़वासनी गांव के पास मुनक नहर को जोड़ने का काम जारी है। सिंचाई विभाग के अधिकारी नहर की सफाई करवा रहे हैं और जगह-जगह इसकी जांच कर रहे है। बताया जा रहा है कि मुनक नहर को सफाई के बाद जोड़कर पानी आज शाम तक चालू कर दिया जाएगा।।