ये लड़ाई अरविंद केजरीवाल की नहीं, ये जनता के वोट की ताकत की लड़ाई है: दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (11/06/2023): आम आदमी पार्टी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ महारैली का आयोजन कर रही है। इस रैली में लगभग एक लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाया गया है। इस रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी रामलीला मैदान पहुंच चुकी है।

इस दौरान शिक्षा मंत्री आतिशी ने एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि आज की महारैली आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की नहीं है बल्कि दिल्ली की जनता की महारैली है। ये रैली दिल्ली की जनता के वोर्ट के अधिकार, संविधान और लोकतंत्र को बचाने की है क्योंकि दिल्ली की जनता ने भारी बहुमत से तीन-तीन बार दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बना कर भेजा है‌। जब अरविंद केजरीवाल की ताकत छीनी जा रही है वास्तविक तौर पर दिल्ली की जनता की वोट की ताकत छीनी जा रही है।

शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि वो चुनाव जीते तो ठीक है। जहां पर वो चुनाव नहीं जीते तो विधायक खरीद लो, विधायक नहीं खरीद पाए तो उनके पीछे सीबीआई और ईडी लगा दो और फिर भी नहीं डरा पाए तो सरकार की ताकत छीन लो। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी का अगला कदम ये है कि राज्य में चुनाव बंद कर दो। एक प्रधानमंत्री और 31 गवर्नर पूरे देश को चला लेंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि दिल्ली की जनता संविधान को बचाने के लिए जरूर साथ आएगी।

इस रैली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज और संजय सिंह सहित पार्टी के अन्य शीर्ष नेता शामिल होंगे।