5 जून को क्यों मनाया जाता है विश्व पर्यावरण दिवस, क्या है इस वर्ष का थीम

टेन न्यूज नेटवर्क

दिल्ली (05 जून 2023): विश्व पर्यावरण दिवस हर साल जून के महीने में मनाया जाता है। भारत समेत विश्वभर में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाते हैं। इस मौके पर सभी देश अलग अलग तरीके से पर्यावरण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करते हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस मनाने की शुरुआत 1972 में हुई थी। संयुक्त राष्ट्र संघ ने 5 जून 1972 को पहला पर्यावरण दिवस मनाया, तब से हर वर्ष इस दिन को विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। हर साल पर्यावरण दिवस के लिए एक खास थीम भी तय की जाती है। इस साल विश्व पर्यावरण दिवस का थीम ‘सॉल्यूशन टू प्लास्टिक पॉल्यूशन’ यानी प्लास्टिक से हो रहे प्रदूषण की समस्या का समाधान है। सोशल मीडिया पर “#BeatPlasticPollution” के हैश टैग के साथ अभियान भी चलाया जा रहा है। इस विषय को इसलिए चुना गया है ताकि प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले लोगों को इसके वैकल्पिक तरीकों के बारे में सोचने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। वहीं इस मौके पर देश के कई बड़े नेता एवं मंत्रियों ने ट्वीट कर बधाई दी है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि “विश्व पर्यावरण दिवस के इस मौक़े पर आइए प्रण लें एक ऐसे वातावरण के निर्माण का जहां स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी और खुशहाल एवं स्वस्थ लोग निवास करें। आइए मिलकर अपने पर्यावरण को साफ़ और सुंदर बनाएँ।”

वही पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने ट्विट कर जानकारी दी “विज्ञान भवन, नई दिल्ली में #विश्व पर्यावरण दिवस के भव्य उत्सव के लिए मंच सज्जित है! आइए, परिवर्तन को प्रज्वलित करने, कार्रवाई को प्रेरित करने और हमारे ग्रह पर सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए एक साथ आएं। #मिशनलाइफ ”

साथ ही पर्यावरण,वन, और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव जी ने ट्वीट कर बधाई दी और कहा “आइए टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देकर धरती माता की रक्षा के लिए हाथ मिलाएं।

एक साथ काम करके ही हम एक सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं, आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित, स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।”