Odisha Train Accident: बालासोर ट्रेन हादसे पर दुनियाभर के नेताओं ने जताया दुख

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03/06/2023): ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम को चेन्नई हावड़ा कोरोमंडल एक्सप्रेस के छह से सात डिब्बे पटरी से उतरने के बाद दूसरी ट्रैक पर आ रही ट्रेन से टकरा गई। इस दुर्घटना में 261 लोगों की मृत्यु हो गई और लगभग 900 लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं इस घटना पर दुनियाभर के कई नेताओं ने दुख जताया है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ओडिशा में हुई घातक ट्रेन दुर्घटना पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक संदेश में अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “इस दुखद दुर्घटना में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हमारी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

तुर्की ने अपने बयान में कहा है, “हमें गहरे दुख के साथ पता चला है कि भारत के ओडिशा में एक ट्रेन दुर्घटना के परिणामस्वरूप कल रात करीब 300 लोगों की जान चली गई और लगभग 1000 लोग घायल हो गए। हम इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के साथ-साथ देश की जनता और भारत सरकार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि “मैं ओडिशा रेल दुर्घटना के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। भारत के लोग इस दुख की घड़ी में हमारे विचारों में हैं। यूरोप आपके साथ शोक मना रहा है।”

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्वीट कर कहा है, “भारत में एक ट्रेन दुर्घटना में सैकड़ों लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। मैं इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।”