दिल्ली में मौसम ने तोड़ा 36 साल का रिकॉर्ड, जानें मई महीना कैसे रहा खास

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (01/06/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते 36 साल में इस बार मई का महीना सबसे ठंडा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में 36 साल में सबसे ठंडा मई रिकॉर्ड किया गया है। इस बार अधिक बारिश के कारण औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं आज दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, यहाँ तक कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश की संभावना जताई है।

वहीं इस मामले में एक स्थानीय निवासी भूषण नरूला ने बताया, “दिल्ली का मौसम बहुत सुहावना है। कसरत करने वाले के लिए मौसम बहुत अच्छा है। ये जलवायु परिवर्तन के कारण हो रहा है। आने वाले सालों में इसका क्या प्रभाव पड़ेगा कहा नहीं जा सकता।”

स्थानीय निवासी बलजीत सिंह ने कहा कि “मैंने अपने जीवन में मई में इस तरह का मौसम कभी नहीं देखा, ऐसा पहली बार देख रहा हूं। यह ग्लोबल वार्मिंग के कारण हो रहा है।”

स्थानीय निवासी चारुलता ने कहा कि “ये सभी बदलाव जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के कारण हो रहे हैं। लोग पेड़ों को काट रहे हैं, प्रदूषण बढ़ रहा है और ये सभी बदलाव इसी का परिणाम हैं।”

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में मई में केवल 9 दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। जबकि दो दिन शहर के कुछ हिस्सों में लू चली थी।