घर में खून से लथपथ मिली महिला की लाश, अरविंद केजरीवाल ने एलजी को घेरा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (30/05/2023): दिल्ली में सिविल लाइन्स थाना के अंतर्गत मजनू का टीला इलाके की एक घर की छत से 22 वर्षीय महिला का शव खून से लथपथ मिला है। इस घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के अन्य नेता दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर निशाना साध रहे हैं और दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है, “ये हमारी दिल्ली में क्या हो रहा है? क़ानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। चारों ओर जंगल राज है। LG साहिब, कुछ तो कीजिए।”

दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लोना ने ट्वीट में लिखा है, “LG साहब – कुछ तो बोलिये! आपका मौन व्रत कब तक चलेगा? आपके पास दिल्ली की बेटियों को सुरक्षा देने की संवैधानिक ज़िम्मेदारी है। दिल्ली की बेटियों के साथ रोज़ रोज़ हिंसा हो रही है, और आप चुप्पी साध के बैठ गये हैं। मेरा आपसे निवेदन है कि दिल्ली की क़ानून व्यवस्था को सुधारिये।”

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने ट्वीट कर कहा कि “दिल्ली की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। चारों ओर भय का माहौल है। LG साहब कुछ तो करिए।”

आपको बता दें कि मजनू का टीला इलाके में एक घर की छत से 22 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पर पुलिस को शव के साथ एक अन्य जीवित महिला भी मिली है। मृतक महिला की पहचान 22 वर्षीय रानी के रूप में हुई है और अन्य जीवित महिला की पहचान 36 वर्षीय सपना के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों रूममेट थे और सपना ने आपसी विवाद के कारण रानी की हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। सपना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।