साक्षी हत्याकांड मामले में राजनीति शुरू! अरविंद केजरीवाल बोले- LG साहब, क़ानून व्यवस्था आपकी ज़िम्मेदारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29/05/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिल दहला वाले घटना सामने आई है। दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में एक साहिल नाम के युवक ने सड़क पर 16 साल की नाबालिग गर्लफ्रेंड की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। मृतका की पहचान जेजे कॉलोनी निवासी साक्षी के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस घटना को लेकर अब राजनीति शुरू हो गई है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर निशाना साधते हुए एक बार फिर दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेख़ौफ़ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। LG साहब, क़ानून व्यवस्था आपकी ज़िम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।”

दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लोना ने कहा कि “यह ख़ौफ़नाक हत्या देख कर रूह काँप उठी। मैं LG को याद दिलाना चाहती हूँ कि संविधान ने उन्हें दिल्ली के लोगों की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी दी है। परंतु वे अपना सारा समय अरविंद केजरीवाल के काम रोकने में लगाते हैं। मेरा LG साहब से हाथ जोड़ कर निवेदन है कि दिल्ली की महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान दें। आज दिल्ली में महिलाएँ बिलकुल भी सुरक्षित नहीं हैं।”

तो वहीं पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने मानवता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि “अगर अपनी बहन या बेटी पर ऐसा वहशी हमला होता तो भी क्या ये लोग ऐसे ही चलते चले जाते। जानवर सिर्फ़ वो नहीं, सब हैं।”