DCW अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पुलिस आयुक्त को लिखा पत्र, पहलवानों की गिरफ्तारी पर कह दी बड़ी बात!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (28/05/2023): दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी, पहलवानों की रिहाई और उन्हें हिरासत में लेने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। स्वाति मालीवाल ने ट्विटर पर इससे संबंधित वीडियो शेयर की है।

स्वाति मालीवाल ने वीडियो में कहा है, “दिल्ली पुलिस ऐसा क्यों कर रही है? क्या इन लड़कियों ने कोई अपराध किया है? क्या ये लड़कियां आतंकवादी है? ये लड़कियां देश की हीरो है। इन लड़कियों ने सिर्फ यही गलती तो की है कि इन्होंने यौन शौषण के खिलाफ आवाज उठाई और ये डटी रही। 33 दिन हो चुके हैं। बृजभूषण शरण सिंह नाम का एक गुंडा और हमारे देश के सांसद भी है उनके खिलाफ इन लड़कियों ने यौन शौषण की शिकायत की है और अभी तक वो गिरफ्तार नहीं हुआ। इस आदमी के खिलाफ पहले भी 40 क्रिमिनल केस चल रहे हैं और एक नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न का अपराध का भी केस चल रहा है। फिर भी दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया।”

उन्होंने आगे कहा कि “मैं जानना चाहती हूं कि जिस गंदी तरीके से दिल्ली पुलिस ने हमारी लड़कियों को घसीट-घसीट कर अलग-अलग पुलिस थानों में बंद किया है। क्या दिल्ली पुलिस के किसी भी ऑफिसर में इतनी हिम्मत नहीं है कि उसी तरीके से घसीट कर बृजभूषण को जेल के अंदर डाला जाए। उन्होंने बृजभूषण पर निशाना साधते हुए कहा कि आज बृजभूषण नए संसद में बैठकर मजे से लड्डू खा रहा है और ये लड़कियां खून पसीना बहा रही है क्या यही नया इंडिया है।”

उन्होंने आगे कहा कि “मैं दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सवाल की हूं कि बृजभूषण की तुरंत गिरफ़्तारी हो और सारे पहलवानों को तुरंत रिहा किया जाए। दिल्ली पुलिस को कोई अधिकार नहीं बनता है कि इन लड़कियों को गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार करें।”