तिहाड़ जेल के प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई, 80 पुलिस अधिकारियों का तबादला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (26/05/2023): टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड मामले में आज शुक्रवार को तिहाड़ जेल के प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तिहाड़ जेल के प्रशासन ने 80 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इसमें 5 उपाधीक्षक, 9 सहायक अधीक्षक, 8 हेड वार्डन और 50 वार्डन शामिल हैं। इससे पहले 11 मई को तिहाड़ जेल के प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 99 पुलिस अधिकारियों को तबादला किया था। टिल्लू ताजपुरिया हत्या के बाद से अब तक कुल 171 अधिकारियों का तबादला किया जा चुका है।

गौरतलब है कि 2 मई को तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी गई थी। वहीं सोशल मीडिया पर तिहाड़ जेल का एक सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें देखा जा सकता है कि सुरक्षाकर्मियों के सामने टिल्लू ताजपुरिया पर बदमाशों ने हमला कर दिया। टिल्लू ताजपुरिया की हत्या में गौगी गैंग के योगेश उर्फ टुंडा, राजेश, दीपक उर्फ तीतर और रियाज खान शामिल थे। वहीं टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने तिहाड़ जेल प्रशासन पर कई सवाल खड़े किए थे।