तिहाड़ जेल में कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, लूट मामले में काट रहा था सजा

टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (23/05/2023)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की तिहाड़ जेल से बड़ी खबर सामने आई है। तिहाड़ जेल में एक कैदी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय जावेद के रूप में हुई। इस बात की जानकारी न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने अधिकारियों के हवाले से दी है।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी की तिहाड़ जेल में एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान जावेद के रूप में हुई है। अधिकारी के मुताबिक, जावेद को 2016 में दिल्ली के मालवीय नगर में लूट के एक मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने दोषी ठहराया था। अधिकारी ने बताया कि 26 वर्षीय दोषी को जेल संख्या 8-9 में रखा गया था। इस पूरे मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट जांच कर रहे है।

बता दें कि आत्महत्या की ये घटना जेल में बंद गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की मौत की जांच के दौरान हुई है। दिल्ली के रोहिणी कोर्ट शूटआउट मामले के आरोपी गैंगस्टर ताजपुरिया को 2 मई को तिहाड़ जेल में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों ने मार डाला था। सीसीटीवी फुटेज में जेल में बंद कई कैदियों को वर्दीधारी कर्मियों के सामने गैंगस्टर पर बेरहमी से हमला करते हुए दिखाया गया है। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। हत्या की जांच शुरू की गई और कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया। कुख्यात टिल्लू गिरोह का मुखिया दिल्ली का रहने वाला ताजपुरिया 2016 में कई अपराधों के लिए गिरफ्तार किया गया था और तब से जेल में था।