RBI के फैसले पर कांग्रेस अध्यक्ष ने साधा निशाना, निष्पक्ष जांच से कारनामों की सच्चाई आएगी सामने

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20/05/2023): भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को 2000 रुपये के नोट को वापस लेने का फैसला किया है। हालांकि इसे लेकर लोगों को घबराने की जरुरत नहीं है। आरबीआई ने लोगों को 30 सितंबर 2023 तक इन नोटों को बदलने का समय दिया है। वहीं आरबीआई के इस फैसले के बाद राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर विपक्षी पार्टियां लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करने में लगी हुई है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने RBI के फैसले को दूसरी नोटबंदी बताया है। साथ ही उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि निष्पक्ष जाँच से कारनामों की सच्चाई सामने आएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कहा है, “आपने पहली नोटबंदी से अर्थव्यवस्था को एक गहरा ज़ख़्म दिया था। जिससे पूरा असंगठित क्षेत्र तबाह हो गया, MSME ठप्प हो गए और करोड़ों रोज़गार गए! अब ₹2000 के नोट वाली “दूसरी नोटबंदी” क्या ये ग़लत निर्णय के ऊपर पर्देदारी है? एक निष्पक्ष जाँच से ही कारनामों की सच्चाई सामने आएगी।”

बता दें कि नवंबर 2016 में नोटबंदी के बाद ₹2000 का नोट चलन में लाया गया था। आरबीआई ने वित्त वर्ष 2018-2019 के बाद ₹2000 के नए नोट छापना बंद कर दिया था।