महाराष्ट्र: अकोला में मामूली विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, धारा 144 लागू

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14/05/2023): महाराष्ट्र के अकोला के पुराना शहर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम मामूली विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। हिंसक भीड़ ने कुछ वाहनों और दुकानों को क्षतिग्रस्त किया। इस हिंसक घटना में एक की मौत और 2 पुलिस कर्मी समेत 8 लोगों की घायल होने की खबर है। इसके बाद शहर में धारा 144 लगा दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

अकोला के SP संदीप घुगे ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि “कल दो समुदायों के बीच धार्मिक भावना आहत होने की बात आई थी जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। झड़प में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। अब तक 26 लोगों को हिरासत में लिया है। झड़प में 8 लोग घायल हैं जिसमें 2 पुलिस कर्मी और अन्य स्थानीय लोग हैं। पुलिस ने भारी संख्या बल तैनात किया है जिसमें स्थानीय पुलिस बल, दंगा नियंत्रण दल हैं। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।”

मिली जानकारी के मुताबिक, अकोला में हुई हिंसक घटना के बाद कलेक्टर नीमा अरोड़ा और एसपी संदीप घुगे ने शांति समिति की आज रविवार को बैठक हुई। बैठक में सभी धर्मों और समुदायों के प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और शहर के महत्वपूर्ण व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।