कर्नाटक सीएम: ‘पोस्टर लगने से तय नहीं होगा मुख्यमंत्री, जो विधायक चाहेंगे वही होगा‌’: प्रियांक खड़गे

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14/05/2023): कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को शानदार जीत मिली है। कांग्रेस पार्टी के जीत के बाद राज्य में मुख्यमंत्री कौन बनेगा इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई है। वहीं आज कांग्रेस ने CLP की बैठक बुलाई है, जिसमें फैसला लिया जाएगा कि कर्नाटक में कौन मुख्यमंत्री बनेगा। बैठक से पहले मुख्यमंत्री के नाम पर आम सहमति बनाने के लिए आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेंगलुरु स्थित आवास पर कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई। वहीं बैठक में कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे भी पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कहा कि पोस्टर लगने से तय नहीं होगा मुख्यमंत्री, जो विधायक चाहेंगे वही होगा‌।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे ने कहा है, “हम जीत के बाद उनसे मिलने गए थे। यह कोई राजनीतिक मुलाकात नहीं थी बल्कि शिष्टता के तौर पर मिलने गए थे। अभी CLP की बैठक होगी उसमें निर्णय होगा (मुख्मयंत्री और उपमुख्यमंत्री पद के लिए)। पोस्टर लगने से तय नहीं होगा (मुख्यमंत्री) जो विधायक चाहेंगे वही होगा‌।”

बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। 224 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस पार्टी ने 136 सीटें जीती है। जबकि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी 65 सीटें जीती हैं।