कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बोली- ‘2024 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के अंत की शुरुआत’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13/05/2023): कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। रुझानों में साफ देखा जा सकता है कि कांग्रेस बहुमत से जीत हासिल करने जा रही है। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस को बधाई दी है और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि “अहंकार, दुर्व्यवहार, एजेंसी पॉलिटिक्स के ख़िलाफ लोगों ने वोट टू नो बीजेपी आह्वान किया। मैं कर्नाटक की जनता, मतदाताओं को सैल्यूट करती हूं और कांग्रेस पार्टी को जीत की बधाई देती हूं। अब छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव हैं यहां भी भाजपा को शिकस्त मिलेगी।”

उन्होंने आगे कहा कि “यह 2024 की शुरूआत है, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भाजपा की सरकार है। उत्तर प्रदेश में भाजपा है लेकिन अखिलेश अच्छा करेंगे मैं उनके साथ हूं। अगर आप साउथ से शुरूआत करें तो कर्नाटक, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश उसके बाद बंगाल, बिहार, झारखंड फिर महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली इन राज्यों में पहले इनकी सरकार बनने का पीक टाइम रहा लेकिन अब वे(भाजपा) 100 सीटें बी नहीं पार कर पाएंगे। इसका कारण है कि हर कोई एजेंसी का सामना कर रहा है। जो मुजरिम है उन्हें आप उनके ख़िलाफ एक्शन लें।”

बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव की 224 सीटों पर 10 मई को मतदान हुआ था। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर रही।