हरियाणा में पत्रकार की हुई गिरफ्तारी, आम आदमी पार्टी ने लगाया गंभीर आरोप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (09/05/2023): हरियाणा के करनाल से आईबीएन24 के पत्रकार आकर्षण उप्पल को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये दावा आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर किया है। वहीं अब इसे लेकर आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमला किया है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए सवाल किया है कि “अधिकांश पत्रकार भाजपा की सरकार द्वारा इस साहसी पत्रकार की गिरफ़्तारी पर चुप हैं। क्योंकि हरियाणा की भाजपा सरकार का मामला है। सारा ज्ञान आम आदमी पार्टी के लिए ही क्यों? भाजपा सरकार से हमदर्दी , आप सरकार से दुश्मनी?”

तो वहीं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि “भ्रष्टाचार भाजपा का “जन्म सिद्ध अधिकार है” कर्नाटक में BJP मतलब 40% कमीशन। हरियाणा में तहसील थाना सचिवालय हर जगह रिश्वत का बोल बाला। भ्रष्टाचार पकड़ने वाला पत्रकार जेल में हेलो गोदी भाइयों अब कुछ बोलेंगे।”

बता दें कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कल सोमवार को ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “सीएम सिटी करनाल की तहसील रिश्वतखोरी के लिए मशहूर है। आज एक पत्रकार ने तहसील में बदहाली दिखा दी, तहसीलदार की लापरवाही और जनता का दर्द दिखा दिया तो इस पत्रकार को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।मुख्यमंत्री मनोहर लाल साहब, क्या आप करनाल तहसील की बदहाली दिखाने की सज़ा दे रहे हैं मीडिया को?”

वहीं वीडियो में आईबीएन24 के पत्रकार आकर्षण उप्पल तहसील में रजिस्ट्री ना होने से परेशान लोगों की समस्या को दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।।