Delhi Metro: अश्लीलता फैलाने वालों की खैर नहीं, फ्लाइंग स्क्वॉड रखेगी नजर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08/05/2023): दिल्ली मेट्रो में अब अश्लील हरकत फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। दरअसल सोशल मीडिया पर दिल्ली मेट्रो में बिकनी गर्ल तो कभी मास्टरबेट जैसी अश्लील हरकत करने वाला एक लड़के का वीडियो वायरल हुआ था। तभी से दिल्ली मेट्रो में अश्लीलता रोकने के लिए नियम बनाने की मांग की जा रही थी। वहीं अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने मेट्रो के कोच में पेट्रोलिंग करने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात करने का फैसला किया है। इस फ्लाइंग स्क्वॉड टीम में पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों को शामिल किया जाएगा। पेट्रोलिंग करने वाले जवान सिविल ड्रेस में हो सकते हैं। ये खुद मेट्रो में सफर करेंगे और लोगों पर नजर रखेंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक, मेट्रो कोच के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे का उपयोग अश्लीलता को रोकने के लिए और भी अच्छे तरीके से किया जाएगा। वहीं मेट्रो की रेड लाइन पर कुछ पुराने कोच में कैमरे नहीं लगे हैं, अब उनमें भी कैमरे लगाने का काम किया जाएगा।

DMRC ने बताया कि “हम मेट्रो को और सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रहे हैं और निगरानी पर अब हमारा विशेष ध्यान रहेगा। इसके लिए ट्रेन में फ्लाइंग स्कवॉड भी अब ज्यादा एक्टिव मोड पर काम करेगी।” DMRC ने आगे बताया कि “फ्लाइंग स्कवॉड का इस्तेमाल पहले महिला कोच में पुरुषों की एंट्री ना हो इसके लिए किया जाता था। अब यही फ्लाइंग स्कवॉड आपत्तिजनक चीजों पर भी नजर रखेगी। डीएमआरसी की पांच फ्लाइंग स्कवॉड हैं और हर फ्लाइंग स्कवॉड में 3-4 लोग रहेंगे।”

आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) एक हेल्पलाइन नंबर भी 155370 जारी कर चुका है। इस नंबर का इस्तेमाल आपत्तिजनक व्यवहार की रिपोर्ट करने के लिए किया जा सकता है।।