दिल्ली को पूर्वांचल वासियों ने बसाया है: पूर्वांचल सम्मान समारोह में गरजे केंद्रीय मंत्री आर.के.सिंह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (07/05/2023): नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ‘पूर्वांचल सम्मान समारोह’ का शानदार आयोजन हुआ। समारोह का उद्घाटन दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी वैज्यंत पांडा ने किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री आर.के.सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ” हम लोग सम्राट अशोक और भारत के सबसे बड़े सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंशज हैं। हम लोग अगर अपने आपको जानें कि हम लोग क्या हैं और कहां से आएं हैं। हम लोग सम्राट अशोक और भारत के सबसे बड़े सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंशज है। भारत का सबसे बड़ा साम्राज्य चंद्रगुप्त मौर्य का था। उसका शासन अकबर के शासन से बड़ा था।”

उन्होंने आगे कहा कि ” हम लोग उनके वंशज है जिन्होंने दुनिया को 3-3 धर्म दिए हैं। हम लोग ऐसे क्षेत्र से हैं जिसने दुनिया का सबसे पहला प्रजातांत्रिक लोकतंत्र का वैशाली में प्रारंभ किया। हम लोग वह लोग हैं जिसके क्षेत्र में दुनिया का सबसे पहला यूनिवर्सिटी नालंदा में था।हम लोगों का एक महान इतिहास है।”

उन्होंने कहा कि “मैं 1970 में पहली बार दिल्ली आया। इससे पहले मैं दिल्ली कभी नहीं आया था। यहां पर मैंने पहली बार दो चीज सीनियर लोगों से सुना भैया और बिहारी। फिर मैंने खुलकर कहा कि भैया मैं आपसे ज्यादा इंटेलिजेंट हूं, आइए मैं आपको दिखा दूंगा। जो लोग भी मुझे भैया और बिहारी बोल रहे थे वो बाद में मुझे सर बोले या सेल्यूट किए। मैं बीए पास कर आईएएस और आईपीएस में आ गया। वो लोग एमए और पीएचडी पास किए और चार बार बैठे उसके बाद आए। जिंदगी भर हमको सर बोले और ये हम लोगों को बिहारी और भैया बोल रहे थे। दिल्ली हम लोगों के बिना चल नहीं सकती है। हम लोग जब आए थे तो बाहरी थे लेकिन वो लोग अनपढ़ थे जो हमें बाहरी कहते थे। अमेरिका आज दुनिया का सबसे बड़ा महाशक्ति है उसे जितने लोगों ने बनाया सब बाहरी थे। दिल्ली को हमने महान बनाया और दिल्ली हमारे बिना चल नहीं सकता है। हम यहां पर रेहड़ी-पटरी चलाते हैं, ऑटो चलाते हैं, यूनिवर्सिटी में पढ़ाते हैं, और मंत्रालय भी चलाते हैं।आईएएस और आईपीएस में भी हम ही हैं। आप किसी भी आईआईटी में चले जाइए सबसे ज्यादा संख्या हमारी ही मिलेगी। हम लोग विद्वान और मेहनती हैं। आज दिल्ली हमारी है और किसी की नहीं है। हम जिसको चाहेंगे वही सरकार बनाएगी। ये दिल्ली हम लोगों की है इसमें कहीं किसी को शक नहीं होना चाहिए। आने वाले चुनाव में साबित कर दीजिए कि यह दिल्ली हम लोगों की है और हम लोगों के बिना कोई दिल्ली को चला नहीं सकता।”

भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रभारी भाजपा दिल्ली वैज्यंत पांडा सहित इस कार्यक्रम में लोकसभा सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित सुप्रसिद्ध गायक उदित नारायण झा मौजूद रहे।।