यमुना की सफाई में मस्जिद भी करेगी सहयोग, मौलवियों ने आवाम से की अपील

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (06/05/2023): यमुना को निर्मल बनाने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के नेतृत्व वाले अभियान का जामा मस्जिद समेत कई मस्जिदों के मौलवियों ने समर्थन करते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों से कहा है कि वे इस लक्ष्य को हासिल करने में अपनी भूमिका निभाएं। यमुना नदी की सफाई का अभियान दिल्ली के उपराज्यपाल ने 16 फरवरी को शुरू किया था। उन्होंने कहा था कि यमुना नदी के दिल्ली में पड़ने वाले हिस्से को 30 जून तक पुनर्जीवित करने का लक्ष्य है।

दिल्ली के उपराज्यपाल के इस पहल को राजधानी के जामा मस्जिद समेत कई मस्जिदों के मौलवियों ने कल यानी शुक्रवार को लोगों से यमुना को साफ करने और इसका कायाकल्प करने की अपील किया है। मुगलकालीन जामा मस्जिद के अलावा द्वारका और रोहिणी की मस्जिदें, पुरानी दिल्ली के दरियागंज स्थित बडवाली मस्जिद और हजरत निजामुद्दीन दरगाह स्थित मस्जिद ने भी लोगों को इस अभियान के महत्व से अवगत कराया है। मस्जिदों में लोग जुमे की नमाज के लिए इकट्ठा हुए थे। जामा मस्जिद ने अपनी घोषणा में कहा कि लंबे समय के बाद सरकार ने यमुना नदी को साफ करने के लिए एक तेज कदम उठाया है और नदी को साफ करने में सरकार की भूमिका के अलावा आम लोगों के समर्थन की भी जरूरत है।

बता दें कि दिल्ली सरकार की ओर से 2025 तक यमुना नदी को साफ करने का लक्ष्य रखा है। दूसरी ओर दिल्ली के उपराज्यपाल ने भी 30 जून तक दिल्ली के भीतर 22 किलोमीटर के यमुना के स्ट्रैच को साफ करने की मुहिम चला रखी है।।