प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की अपील- जांच पूरी होने दें

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (05/05/2023): भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर 13वें दिन भी पहलवानों का धरना प्रदर्शन जारी है। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि पहलवानों की हर मांग पूरी की गई है। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों से अनुरोध किया है कि जांच पूरी होने दें।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “जहां तक खिलाड़ियों के मांगों का सवाल है। मैं यही कहूंगा कि निष्पक्ष चुनाव की बात कही थी, IOA वो भी करवाने वाला है। एक कमेटी के गठन की बात थी वो भी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने FIR भी दर्ज़ कर दी। दिल्ली पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने अपना निर्णय दे दिया है।”

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों से अनुरोध किया है कि “जो उनकी मांगे थी उनको लगातार पूरा किया गया है और वो निष्पक्ष जांच को पूरा होने दें। दूध का दूध, पानी का पानी और कड़ी कार्रवाई जो भी होगा उसे करने का काम दिल्ली पुलिस कानून के तहत करेगी।”

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “मोदी सरकार ने सदा खेल और खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है और सभी खेलों के क्षेत्र में भारत शानदार प्रदर्शन कर रहा है। खेलों में बजट को बढ़ाया गया। खेल का बजट 964 करोड़ से बढ़ाकर 3,397 करोड़ कर दिया गया। एक-एक खिलाड़ी के ऊपर ढाई करोड़, 3 करोड़ और 2 करोड़ रुपए खर्च किया गया है।”