राजधानी में हुआ कंझावला कांड पार्ट -2, टक्कर के बाद बाइक सवार को 3 KM तक घसीटा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03/05/2023): राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कंझावला जैसा कांड सामने आया है। दिल्‍ली में कनॉट प्‍लेस से सटे कस्‍तूरबा गांधी मार्ग टॉलस्टाय-मार्ग रेड लाइट पर कार सवार शख्स ने बाइक पर सवार 2 भाइयों को टक्कर मार दिया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक लड़का दूर उछल कर गिरा, जबकि दूसरा लड़का कार की छत पर जा गिरा।लेकिन कार चालक गाड़ी रोकने के बजाए गाड़ी दौड़ाता रहा। इस मामले में एक चश्मदीद मोहम्मद बिलाल ने बताया कि “मैंने अपनी स्कूटी से कार का पीछा किया और जोर से चिल्लाता रहा कि कार के ऊपर लड़का लटका हुआ है, लेकिन आरोपियों ने कार नहीं रोकी।”

इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें देखा जा सकता है कि चलती हुई कार की छत पर एक लड़का लटका हुआ है। 3 किलोमीटर के बाद आरोपियों ने कार रोकी और दिल्ली गेट के पास छत पर पड़े लड़के को नीचे फेंक दिया और आरोपी भाग गए। इसके बाद उस लड़के की मृत्यु हो गई। वहीं मृतक लड़के की पहचान 30 वर्षीय दीपांशु वर्मा के तौर पर हुई है जबकि दूसरा लड़का उसकी बुआ का लड़का है जोकि मुकुल है। वह 20 साल का है और गंभीर रूप से घायल है।

दिल्ली पुलिस ने इस घटना को लेकर हत्या का मामला दर्ज किया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी की पहचान हरनीत सिंह चावला के रूप में हुई है। ये घटना 29-30 अप्रैल की रात 12 बजकर 55 मिनट पर हुई थी।।