दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, अगले तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (01/05/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 3 दिनों तक बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में अगले 3 दिनों तक बारिश होती रहेगी। इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि “आने वाले 3 दिनों में पूरे उत्तर पश्चिमी भारत में बारिश होती रहेगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड के लिए हमने तेज़ बारिश का अलर्ट दे रखा है। हरियाणा और पंजाब के लिए भी हमने अलर्ट दे रखा है। दिल्ली में भी अगले 3 दिनों में बारिश होती रहेगी, इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।”

उन्होंने आगे कहा कि “पूरे भारत में तापमान सामान्य से कम है। दिल्ली NCR, हरियाणा-पंजाब में तापमान सामान्य से 9-10 डिग्री सेल्सियस तक कम है। आने वाले 2 दिन तक तापमान ऐसा ही रहेगा, उसके बाद 3-5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ सकता है।”

आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में आज सोमवार सुबह को बारिश हुई और मौसम सुहाना बना हुआ है।