केजरीवाल सरकार ने पशुओं की बेहतरी के लिए ‘दिल्ली पशु कल्याण बोर्ड’ का किया गठन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27/04/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पशुओं की बेहतरी के लिए ‘दिल्ली पशु कल्याण बोर्ड’ का गठन किया जाएगा। यह बोर्ड पशुओं के खिलाफ हो रही क्रूरता को रोकने और देखरेख में मदद करेगी। इस बात की जानकारी दिल्ली के विकास मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को पशु कल्याण बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद दिया है।

दिल्ली के विकास मंत्री गोपाल राय ने बताया कि “दिल्ली के पशु कल्याण बोर्ड का गठन किया गया है। 19 वर्गों में विभाजित कुल 27 सदस्य पशु कल्याण बोर्ड में शामिल किया गया है। यह बोर्ड दिल्ली में पशुओं के प्रति होने वाली क्रूरता की रोकथाम, देखरेख आदि के लिए कार्य करेगी। दिल्ली के प्रत्येक जिले में पशु कल्याण कार्यों में शामिल संगठनों को वित्तीय और तकनीकी सहायता भी बोर्ड द्वारा प्रदान किया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि “इसके साथ ही दिल्ली के पहले पशु चिकित्सा कॉलेज के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश जारी किया गया है। पशु चिकित्सा कॉलेज का निर्माण दिल्ली के सतबरी में 56 एकड़ भूखंड में किया जाएगा। केजरीवाल सरकार दिल्लीवासियों के साथ-साथ दिल्ली में रहने वाले पशुओं के कल्याण के लिए कार्य करने में भी हमेशा कृतसंकल्प रही है। इसी के मद्देनजर दिल्ली में पशुओं की बेहतरी के लिए पशु कल्याण बोर्ड का गठन किया गया है।”

उन्होंने आगे बताया कि “पशु कल्याण बोर्ड दिल्ली में पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम, देखरेख आदि के लिए कार्य करेगा। साथ ही दिल्ली के 11 जिलों में पशु कल्याण कार्यो में शमिल संगठनो/निकायों को दिशानिर्देशों सहित वित्तीय और तकनीकी सहायता भी प्रदान करेगा। इसके लिए यह बोर्ड शासन निकाय के रूप में कार्यरत रहेगा।”

उन्होंने बताया कि “इस पशु कल्याण बोर्ड में दिल्ली विधानसभा के विधायक, राज्य में पशु कल्याण कार्यो में सक्रिय रूप से कार्यरत लोग, सम्बंधित विभाग के उच्च अधिकारी, एसपीसीए, गौशाला और भारतीय पशु कल्याण बोर्ड के प्रतिनिधि शामिल किया गया है।”