सीएम आवास के रेनोवेशन में 45 करोड़ रुपए खर्च, बीजेपी नेताओं ने जमकर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 अप्रैल 2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी बंगले नवीनीकरण में किए गए खर्च को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि टैक्स भरने वालों के पैसे से अरविंद केजरीवाल ने 45 करोड़ रुपये अपने आवास पर खर्च किए हैं। वहीं अब इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल पर निशाना साध रहे हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में कहा है, “खुद को आम आदमी कहने वाले अरविंद केजरीवाल ने अपने घर में लगा डाले करीब 45 लाख रुपए के पर्दे। ये साफ दर्शाता है कि केजरीवाल की कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर है। दिल्ली की जनता के पैसों को ऐसे बर्बाद करने का अरविंद केजरीवाल को कोई हक नहीं है।”

तो वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिल्ली बीजेपी के नेता डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि “देश कोरोना से लड़ रहा था। दिल्ली का मालिक अपना घर सजा रहा था! अरविंद केजरीवाल जी, इससे ज्यादा शर्मनाक बात भला और क्या हो सकती है। काश आप यही ₹45 करोड़ दिल्ली-वासियों की हेल्थ पर खर्च करते।”

बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने ट्वीट कर कहा कि “आम आदमी कितना बदल गया है। अब आम आदमी भ्रष्टाचार भी करता है, शराब घोटाला भी करता है, दो राज्यों से सुरक्षा भी लेता है, चार्टेड प्लेन से चुनावी यात्राएं भी करता है और राजा महाराजा की तरह आलीशान महल में रहता है जिसको सजाने पर ही 45 करोड़ खर्च कर देता है।”