दिल्ली: पहलवानों के समर्थन में उतरी महिला कांग्रेस, मोदी सरकार को बताया ‘बेटी विरोधी’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (24/04/2023): दिल्ली के जंतर मंतर पर कल दोपहर 2:00 बजे से एक बार फिर WFI के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जंतर मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों के समर्थन में तमाम राजनीतिक दल के नेता भी आ गए हैं। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा आज तमाम महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पहलवानों के समर्थन में जंतर मंतर पर पहुंची। वहां उन्होंने कहा कि देश की बेटी को इंसाफ मिलना चाहिए।

जंतर मंतर पर पहुंची नेटा डिसूजा ने टेन न्यूज से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की बात करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री इसपर आज क्यों नहीं बोल रहे हैं। नेटा डिसूजा ने कहा की आज महिला खिलाड़ी न्याय की मांग कर रही है और सरकार नजरंदाज कर रही है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने मांग किया कि बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह की सदस्यता रद्द कर देनी चाहिए। पिछली बार भी इन लोगों ने धरना दिया था सरकार के तरफ से आश्वासन मिला था लेकिन उस आश्वासन को पूरा नहीं किया गया। फिर बीजेपी की क्या मजबूरी है, क्या बृजभूषण शरण सिंह को बचाया जा रहा है?।