DJB के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती ने सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का किया दौरा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (24/04/2023): दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती ने आज सोमवार को सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा किया। डीजेबी के उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को प्लांट को अपग्रेड करने के निर्देश दिए। प्लांट अपग्रेड होने से 140 MGD क्षमता के सोनिया विहार WTP से 5-6 MGD अतिरिक्त पानी का उत्पादन होगा।

सोमनाथ भारती ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी का सपना है कि हर दिल्लीवासी को 24 घंटे पानी मिले। उसके लिए बहुत जरूरी है कि जितने भी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट है वो अपने ऑप्टिमम कैपेसिटी पर काम करें। उस दिशा में बहुत गहरा काम चल रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि “सोनिया बिहार का प्लांट 2004 का बनाया हुआ है और 2006 में कमीशन हुआ था कि इसकी कैपेसिटी 140 MGD की है। इससे ईस्ट दिल्ली और साउथ दिल्ली के असेंबली को हम पानी पिलाते हैं। वैसे तो ठीक चल रहा है। लेकिन यहां और संभावनाएं है कि हम इसको 5-6 MGD अतिरिक्त पानी जनरेट कर सकते हैं जिससे कि ईस्ट दिल्ली और साउथ दिल्ली में कोई पानी की कमी ना रहें। आज के फैसले से ईस्ट दिल्ली और साउथ दिल्ली में जहां भी पानी की समस्या है हम उसे बखूबी पूरा कर सकते हैं।”

उन्होंने विपक्ष द्वारा यमुना गंदी के लगाए गए आरोपों पर कहा कि विपक्ष का काम है आरोप लगाना। लेकिन मैं चाहता हूं कि गुणात्मक (qualitative) आरोप लगाएं। मुझे लग रहा है कि जो सपना अरविंद केजरीवाल जी ने दिल्ली के लिए देखा है कि 2025 तक यमुना में डुबकी लगाने या लगवाने का वह बहुत जल्द पूरा होने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में और 2025 के पहले ही हम यमुना को इतना बेहतर कर देंगे कि दिल्लीवासी और भाजपा के साथियों को स्पेशली डुबकी लगवायेंगे।