दिल्ली: मेयर चुनाव से ठीक पहले आप को लगा बड़ा झटका, बीजेपी ने चला बड़ा दांव

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (24/04/2023): दिल्ली में मेयर चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है द्वारका के बृजवासन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की पार्षद सुनीता ने आज भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं सांसद प्रवेश साहिब सिंह की उपस्थिति में आज द्वारका सी वार्ड से आम पार्टी निगम पार्षद सुनीता और पूर्व निगम पार्षद रामनिवास भाजपा में शामिल हुए।

वीरेन्द्र सचदेवा ने सुनीता का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा गत 18 महीनों से आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष कर रही है और केजरीवाल सरकार के नित नए भ्रष्टाचार को उजागर कर रही है। आज उसी का परिणाम है कि आम आदमी पार्टी के अनेक पार्षदो का वहां के भ्रष्टाचार को देखते हुए दम घुट रहा है और वे भाजपा की ओर एक नई उम्मीद के साथ देख रहे हैं। सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अंदर निगम पार्षदों को बंधुआ मजदूरों की तरह निर्देश दिया जाता है और वहां विचार नहीं होता सिर्फ प्रताड़ना होती है।

सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी का हर निगम पार्षद अरविंद केजरीवाल की शह पर हो रहे भ्रष्टाचार और मंत्रियों के जेल जाने से आहत है और आज वे भाजपा की ओर भविष्य की उम्मीद से देख रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के अंदर उनके पार्षदों का दम घुट रहा है और वह सभी भाजपा में शामिल होने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे काम करने की उम्मीद से अनेक लोग आम आदमी पार्टी में आए थे, लेकिन निगम चुनाव जीतने के बाद से ही हर पार्षद क्षेत्र का कमीशन तय कर दिया गया है और अब ना चाहते हुए भी उनसे पैसे की उगाही करवाई जा रही है। वहीं बीजेपी में शामिल होने वाली पार्षद सुनीता ने कहा कि भले ही मैं आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीती लेकिन मैं बीजेपी की नीतियों से प्रभावित हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर आज मैंने बीजेपी का दामन थामा।।