क़ानून व्यवस्था से खिलवाड़ करना केवल अराजकता को जन्म देता है : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16/04/2023): माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज में शनिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसे लेकर विपक्षी पार्टियां केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साध रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि “देश का संविधान उन लोगों ने बनाया है, जो आज़ादी के लिए लड़े थे। हमारा इसी संविधान और क़ानून को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। इससे खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती है। अपराधी की सजा का फ़ैसले का अधिकार न्यायपालिका का है।” उन्होंने आगे कहा कि “ये अधिकार किसी सरकार को, किसी नेता को या क़ानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों को नहीं दिया जा सकता है। गोली-तंत्र और भीड़ तंत्र की वकालत करने वाले केवल संविधान को ध्वस्त करते हैं।”

उन्होंने कहा कि “समाज में किसी को डराने व धमकाने के लिए जो भी हमारी न्याय प्रणाली में राजनैतिक उद्देश्य से दखलअंदाज़ी करता है, अपराधी के साथ वो भी दंड का भागीदार है। किसी भी मुजरिम को सख़्त से सख़्त सजा मिले,इसके लिए अदालतें हैं। क़ानून व्यवस्था से खिलवाड़ करना केवल अराजकता को जन्म देता है।”