कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, आंध्र प्रदेश के कद्दावर नेता पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने थामा बीजेपी का दामन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (07/04/2023): कांग्रेस को एक बार फिर तगड़ा झटका लगा है। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी आज केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि किरण कुमार रेड्डी को पार्टी में आने से पार्टी को एक अलग मजबूती मिलेगी।

इस दौरान बीजेपी में शामिल होने के बाद किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के गलत फैसलों की वजह से राज्य दर राज्य पार्टी टूट रही, यह एक राज्य की बात नहीं। एक पुरानी कहानी है कि मेरा राजा बहुत बुद्धिमान है वह अपने आप नहीं सोचता और न ही किसी का सुझाव मानता है। आप सबको पता चल गया होगा कि मैं क्या कहना चाहता हूं।

किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों के मत को नहीं समझ पा रही है। कांग्रेस पार्टी न तो विश्लेषण कर रही है कि गलती क्या है और न ही वे सही करना चाहते हैं। वह यही सोचने में हैं कि मैं ही सही हूं और देश की जनता सहित बाकी सब गलत हैं। इसी विचारधारा कि वजह से मैंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।।