दिल्ली महिला आयोग ने DU प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को जारी किया समन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03/04/2023): दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कॉलेज फेस्ट के दौरान छात्राओं के साथ बार-बार होने वाले छेड़छाड़ की घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए आज यानी सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों को समन जारी की है।

दिल्ली महिला आयोग ने नोटिस में कहा है, “दिल्ली विश्वविद्यालय के इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वुमन में एक फेस्ट के दौरान लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न की घटना के संबंध में दिल्ली महिला आयोग की कार्यवाही के संदर्भ में है। आयोग को पता चला है कि कुछ लड़के कॉलेज में आयोजित एक फेस्ट के दौरान कॉलेज में घुसे और लड़कियों को परेशान किया। साथ ही, लड़कों ने कथित तौर पर छात्राओं के छात्रावास में घुसने की भी कोशिश की। और जबकि इससे पहले भी दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ कॉलेजों में इसी तरह की घटनाओं की सूचना मिली है। 2020 में, कुछ लोगों ने एक उत्सव के दौरान गार्गी कॉलेज परिसर में जबरन घुस गए और छात्राओं से छेड़छाड़ की। फिर, 2022 में, कुछ पुरुष छात्रों ने मिरांडा कॉलेज में जबरन प्रवेश किया और छात्राओं को परेशान किया। जबकि ये घटनाएं दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में बार-बार सामने आ रही हैं जो विशेष रूप से कॉलेज फेस्ट के दौरान छात्राओं की सुरक्षा के संबंध में गंभीर चिंता पैदा करती हैं। इसलिए आयोग ने दिल्ली द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जांच करने का निर्णय लिया है, जो भविष्य में विश्वविद्यालय विशेष रूप से कॉलेज फेस्ट के दौरान परिसर के अंदर लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।”

दिल्ली महिला आयोग ने नोटिस में प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने में सक्षम न होने के कारण क्या है? साथ ही दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस और प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा इंतजामों का ब्योरा मांगी है। इसके अलावा इस पूरे मामले में दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस से विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।