राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने को लेकर महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, संसद का किया घेराव

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (03/04/2023): मानहानि केस में राहुल गांधी को 2 साल की सजा और उसके बाद लोकसभा से सदस्यता रद्द होने के बाद लगातार कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस पार्टी लगातार मोदी सरकार पर तानाशाही का आरोप लगा रही है।

महिला कांग्रेस की तरफ से दिल्ली के जंतर मंतर पर आज राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। जंतर मंतर पर भारी संख्या में जुटे महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। इस बीच महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में एक तानाशाही सरकार आई है और इसे हटाना हमारा पहला मकसद है।

महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर से हुंकार भरी और इसके माध्यम से मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा है राहुल गांधी का बंगला छीना जा रहा है। जब तक सरकार को केंद्र से नहीं हटा देंगे कांग्रेस पार्टी का एक कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई जारी रखेगा।

महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी जी के खिलाफ़ तानाशाही सरकार का एक्शन सिर्फ़ कांग्रेस पार्टी और हमारे नेता पर प्रहार नहीं बल्कि देश के लोकतंत्र पर सीधा हमला है। इस फासीवादी सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।।