“पिछड़ों का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03/04/2023): कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज यानी सोमवार को मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील करने के लिए सूरत जा रहे हैं। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पार्टी पर हमला कर रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की प्रतिक्रिया सामने आई है।

उन्होंने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि पिछड़े का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। राहुल गांधी जी ने एक बार नहीं बल्कि कई बार पिछड़ो का अपमान करने का काम किया है। दुख इस बात का है कि उसके बाद भी कांग्रेस पार्टी ने माफी मांगना तो दूर, दबाव बनाने और डराने का काम करते है।”

उन्होंने आगे कहा कि “जब 3 वर्ष थे तब तो इनके साथ कोई नहीं गया। अब राज्य के मुख्यमंत्रियों को काम-काज छुड़ाकर, इस काम पर लगाया है।” उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि “पूर्व में नरसिम्हा राव और पी चिंदबरम जी थे, इन सबको भी जेल जाना पड़ा इस्तीफे देने पड़े। तब कितने कांग्रेस के लोग साथ में गए थे। क्या एक परिवार संविधान और संसद से बड़ा हो गया है।”

आपको बता दें कि चार साल पुराने मानहानि के एक मामले में सूरत की एक अदालत ने 23 मार्च को अपना फैसला सुनाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दोषी ठहराते हुए दो साल की सजा हुई और उसके कुछ देर बाद अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जमानत दे दिया था। साथ ही अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ऊपरी अदालत में अपील करने के लिए 30 दिन का समय भी दिया था। अदालत की ओर से सजा मिलने के एक दिन बाद लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता को रद्द कर दिया था।।