छेड़खानी के विरोध में प्रदर्शन कर रही छात्राओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, गोपाल राय ने कहा -“बेहद शर्मनाक”

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29/03/2023): दिल्ली विश्वविद्यालय के इंद्रप्रस्थ महिला (IP) कॉलेज में फेस्ट के दौरान कॉलेज की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने को लेकर छात्राओं ने कॉलेज के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्राओं को हिरासत में लिया। इस मामले को लेकर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि बेहद शर्मनाक बात है। छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की बजाय अपनी सुरक्षा की मांग कर रही छात्राओं को ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने ट्वीट में लिखा है, “बेहद शर्मनाक, कॉलेज की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की बजाय अपनी सुरक्षा की मांग कर रही छात्राओं को ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।”

आपको बता दें कि कल यानी मंगलवार को छात्रों ने आरोप लगाया था कि दिल्ली विश्वविद्यालय के इंद्रप्रस्थ महिला कॉलेज में फेस्ट के दौरान बाहरी लड़के दीवार फांदकर अंदर घुस गए और छात्राओं के साथ छेड़खानी की।