कर्नाटक: विधानसभा चुनाव के तारीखों का हुआ एलान, एक चरण में चुनाव की घोषणा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29/03/2023): चुनाव आयोग ने आज यानी बुधवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। कर्नाटक विधानसभा के लिए मतदान 10 मई को होंगे और मतों की गणना 13 मई को होगी। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव एक चरण में होगा। विधानसभा चुनावों में उम्मीदवारों के नामाकंन दाखिल करने की आखिरी तारीख 20 अप्रैल होगी।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्नाटक में पहली बार के मतदाताओं में 2018-19 से 9.17 लाख की वृद्धि हुई है। 1 अप्रैल तक 18 साल के हो रहे सभी युवा मतदाता कर्नाटक विधानसभा चुनाव में वोट डाल सकेंगे। कर्नाटक में राज्य के 224 विधानसभा क्षेत्रों में 5,21,73,579 पंजीकृत मतदाता हैं। कर्नाटक में 58,282 मतदान केंद्र हैं जिसमें से 20,866 शहरी केंद्र हैं। इनमें से 50% मतदान केंद्र यानी 29,140 पर वेबकास्टिंग की जाएगी।”

उन्होंने बताया कि “करीब 1,320 मतदान केंद्रों पर केवल महिला कर्मचारी मौजूद रहेंगी। इससे हम महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दे रहे हैं। हम 240 मतदान केंद्रों को मॉडल पॉलिंग स्टेशन बनाएंगे। युवाओं को मतदान केंद्रों पर लाने के लिए 224 मतदान केंद्र सिर्फ युवाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। कर्नाटक विधानसभा के लिए मतदान 10 मई को होंगे और मतदान की गणना 13 मई को होगी।”