क्या ये लोकतंत्र के लिए सही है कि विपक्ष के मुख्य नेता संसद में अपनी आवाज नहीं उठा सकते?: शशि थरूर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (26/03/2023): कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आज यानी रविवार को देशभर में संकल्प सत्याग्रह कर रही है। इस मामले को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मीडिया से बात करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही, उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या ये लोकतंत्र के लिए सही है कि विपक्ष के मुख्य नेता संसद में अपनी आवाज़ नहीं उठा सकते?

शशि थरूर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “यह (सत्याग्रह) सिर्फ कांग्रेस पार्टी या राहुल गांधी के बारे में नहीं है, यह भारतीय लोकतंत्र के बारे में है। क्या यह हमारे लोकतंत्र के लिए अच्छा है जब प्रमुख विपक्षी नेता को संसद में अपनी आवाज उठाने की अनुमति नहीं है जहां हमारे पास एक पीएम है जो दुनिया को भारत की लोकतंत्र की मां के रूप में बोलता है, क्या यह हमारे देश के लिए अच्छा है?”

उन्होंने आगे कहा कि “लोकतंत्र की ही व्यवस्था के बारे में है, एक ऐसी व्यवस्था जिसमें लोगों को बोलने की आज़ादी हो, अपने विचार व्यक्त करने की आज़ादी हो, सरकार को सवालों से चुनौती देने और सरकार को जवाबदेह ठहराने की आज़ादी हो। पीएम मोदी ने खुद विपक्ष का यही नजरिया बताया था।”