इस देश के लोकतंत्र को मेरे परिवार ने अपने खून से सींचा है: प्रियंका गांधी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (26/03/2023): कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आज यानी रविवार को राजघाट पर एक दिवसीय संकल्प सत्याग्रह कर रही है। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी के परिवारवाद वाले बयान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस देश के लोकतंत्र को मेरे परिवार ने अपने खून से सींचा है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आप परिवारवादी कहते हैं तो भगवान राम कौन थे। भगवान राम को बनवास में भेजा गया। उन्होंने अपने परिवार और धरती के प्रति अपना धर्म निभाया। क्या भगवान राम परिवारवादी थे? क्या पांडव परिवारवादी थे कि वे अपने परिवार के संस्कारों के प्रति लड़े। और हमें क्या शर्म आनी चाहिए कि हमारे परिवार के सदस्य इस देश के लिए शहीद हुए? इस देश की धरती में उनका खून हैं। इस देश के लोकतंत्र को मेरे परिवार ने अपने खून से सींचा है।

आपको बता दें कि इस संकल्प सत्याग्रह में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर राजघाट, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के कई अन्य नेता शामिल हुए।।