बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर यमुना पार के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार करने का लगाया आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11/03/2023): दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली में यमुना पार के लोगों पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल द्वारा बोर्ड का गठन ना करना गंदी राजनीति है और एक सोची समझी साजिश है। उन्हें दिल्ली की जनता से कोई मतलब नहीं है।

बीजेपी नेता सचदेवा ने कहा कि अगर दिल्ली की जनता नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं तो उससे उन्हें कोई सरोकार नहीं क्योंकि बोर्ड के गठन के बाद केजरीवाल सरकार द्वारा हर साल पैसे देने पड़ेंगे जो केजरीवाल को मंजूर नहीं। उन्होंने कहा कि यमुना पार के सभी अनाधिकृत कॉलोनियों में सड़कों की हालत बदतर है, पानी की सुविधा नहीं है लेकिन केजरीवाल द्वेष और भेदभाव की राजनीति में मग्न है।

सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के यमुना पार में 16 विधानसभाएं हैं और जब मदन लाल खुरना जी मुख्यमंत्री थे तो ट्रांस यमुना विकास बोर्ड का गठन हुआ था जिसका कार्य अनाधिकृत कॉलोनियां की समस्याओं को समाधान करने का प्रयास करना था। इसका कारण था कि यमुना पार दिल्ली के अन्य क्षेत्रों की तुलना में पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था लेकिन इस बार जब चुनाव हुआ तो यमुना पार के लोगों ने भाजपा को भरपूर स्नेह दिया। 6 विधायक, 2 सांसद, 35 निगम पार्षद सिर्फ यमुना पार से जीते और सिर्फ यही कारण है कि केजरीवाल ने बोर्ड का गठन नहीं किया।।