पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (07/03/2023): कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के संबोधन के बाद से ही भाजपा राहुल गांधी पर हमलावर हो गई है। आज राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी जी विदेश जाते ही आपको हो क्या जाता है। सारी मर्यादा, सारी शालीनता, लोकतांत्रिक शर्म सब भूल जाते हैं। अब जब देश की जनता न उनको सुनती है न समझती है तो विदेश में जाकर विलाप करते हैं की भारत का लोकतंत्र खतरे में हैं।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन में अपने भाषणों में भारत के लोकतंत्र, संसद, राजनीतिक व्यवस्था और भारत की जनता समेत न्याय व्यवस्था और सामरिक सुरक्षा सभी का अपमान किया है। भाजपा बड़ी वेदना के साथ जोर देकर कहना चाहेगी कि राहुल गांधी ने भारत के लोकतंत्र, भारत की राजनीति, भारत की संसद, भारत की न्यायिक प्रणाली और उसकी सामरिक सुरक्षा को विदेशी धरती से शर्मसार करने की कोशिश की है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि राहुल गांधी ने विदेशी भूमि से इस विषय पर भारत की आम सहमति की भावना को चोट पहुंचाने की कोशिश की है कि किसी भी विदेशी देश को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। देश सेवा, राष्ट्र भक्ति और राष्ट्र समर्पण के लिए संघ ने बहुत बड़ा काम किया है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आलोचना नेहरू जी भी करते थे, इंदिरा जी भी करती थीं, राजीव जी भी करते थे और राहुल जी भी करते हैं। संघ कहां से कहां पहुंच गया और आप कहां से कहां सिमट गए। राहुल गांधी जी, आप विदेश की धरती पर भारत का अपमान करना बंद करें। अगर देश आपको बार-बार हराता है तो इसका गुस्सा विदेश जाकर न निकालें।